वाराणसी में बोले डिप्टी सीएम, रामलला के मंदिर के साथ बाबा विश्वनाथ के धाम का विस्तार संयोग की बात
महाशिवरात्रि पर बनारस पहुंचे उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने भाजपा पदाधिकारियों की बैठक में कहा कि यहां सर्वाधिक संख्या ऐसे कार्यकर्ताओं की है, जिनकी राम जन्मभूमि आंदोलन में किसी न किसी रूप में सहभागिता रही है। राम लला के मंदिर से बाबा भी प्रसन्न होंगे। शुक्रवार को सर्किट हाउस में भाजपा महानगर एवं जिले के नवनियुक्त पदाधिकारियों से परिचय प्राप्त करने के बाद कार्यकर्ताओं को महाशिवरात्रि की बधाई दी। केशव ने काशी विश्वनाथ मंदिर जाकर पूजा अर्चना भी की।
उन्होंने कहा कि ऐसा संयोग बना कि बाबा धाम का विस्तार पहले हो रहा है और रामलला का बाद में होगा। मुझे वह दिन भी याद है जब सोमवार को जलाभिषेक के लिए हम लोग जाते थे और उसके पश्चात शृंगार गौरी की तरफ जाने में लाठियां चलती थीं। लेकिन बाबा धाम का वर्तमान में जो स्वरूप उभर कर सामने आ रहा है, वह बाबा की कृपा से ही संभव है। कहा कि काशी, जिसका न तो आदि है और न अंत है, परंतु उसे आधुनिक स्वरूप देने में प्रधानमंत्री का योगदान है। इससे काशी बदल रही है और कुछ स्थानों पर बदल गई है।
केशव ने कहा कि कार्यकर्ताओं के मान-सम्मान व स्वाभिमान की रक्षा करना मेरा दायित्व है। आप अपनी बात संगठन के माध्यम एवं सीधे भी बेहिचक कह सकते हैं। सरकार ने लखनऊ में बाहर से आने वाले कार्यकर्ताओं की समस्याओं को सुनने के लिए सोमवार का दिन निश्चित किया है। अंत में नवनिर्वाचित पदाधिकारियों को शुभकामनाएं दी। हर-हर महादेव के उद्घोष के साथ संबोधन समाप्त किया। इस दौरान महानगर अध्यक्ष विद्यासागर राय, जिला अध्यक्ष हंसराज विश्वकर्मा, प्रदेश उपाध्यक्ष डॉ. श्रीनाथ यादव, डॉक्टर राकेश त्रिवेदी, अनिल सिंह, आरपी कुशवाहा, अशोक तिवारी, शशि प्रकाश मिश्रा, जगदीश त्रिपाठी, बृजेश चौरसिया व अनिल मौर्य, अशोक कुमार पांडे आदि रहे।
संगठन सरकार बनाता है
कार्यकर्ताओं में जोश भरते हुए कहा कि संगठन सरकार बनाता है, इसलिए आप कार्यकर्ताओं का स्थान सरकार से महत्वपूर्ण हैं। आपको कार्य करने का विशेष अवसर मिला है। 2019 के लोकसभा चुनाव में सपा और बसपा के साथ आने से प्रदेश में अनिश्चय की स्थिति थी। चुनाव परिणाम में सबका साथ, सबका विकास और सबका का विश्वास को जनता ने सच मानते हुए सभी ईवीएम में कमल का फूल खिलाया।
समाज की हर गतिविधि पर कार्यकर्ता नजर रखे
केशव मौर्य ने कहा कि पार्टी की योजना है, किसी न किसी अभियान से जनप्रतिनिधि भी जनता के बीच बने रहें। उनके सुख-दुख के साथी बनें और उनकी समस्याओं का समाधान भी करें। सरकार के बजट में हर वर्ग का ख्याल रखा गया है। विपक्ष के पास ना तो कोई योजना है और न ही कोई जवाब है। उत्तर प्रदेश को उत्तम प्रदेश बनाने का बजट में रास्ता खुला हुआ है। समाज की हर गतिविधियों पर हमें बारीक नजर रखनी है। आगामी यूपी विधानसभा चुनाव में अपने लोकसभा क्षेत्रों की सभी सीटों पर हमें जीत हासिल करने के लिए तत्पर रहना चाहिए।
बैठक से गैरहाजिर एक्सईएन को किया निलंबित
उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने शुक्रवार को सर्किट हाउस में लोक निर्माण विभाग, सेतु निगम और निर्माण निगम के कार्यों की प्रगति की समीक्षा की। बैठक में अनुपस्थित लोक निर्माण विभाग के निर्माण खंड के अधिशासी अभियंता एससी वर्मा को उन्होंने निलंबित कर दिया। वर्मा के खिलाफ चितईपुर फोरलेन निर्माण समेत अन्य कई कार्यों में लापरवाही की शिकायत जनप्रतिनिधियों की ओर से मिली थी। वह उप मुख्यमंत्री की पिछली बैठक में भी अनुपस्थित थे।
बैठक में उप मुख्यमंत्री ने कहा कि कार्य में मानकों और गुणवत्ता के साथ किसी तरह का समझौता नहीं किया जाएगा। सभी कार्य निर्धारित समय सीमा में पूरे किए जाएं। सड़कों, पुलों, फ्लाईओवर आदि के कार्यों की प्रगति की बिन्दुवार जानकारी ली। फुलवरिया फोरलेन के निर्माण में तेजी न आने पर नाराजगी जताई। इसमें जमीन संबंधी मामले को अतिशीघ्र प्रशासन से मिलकर हल करने के लिए कहा। ताकि आरओबी का काम आगे बढ़ सके।